नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा की उपस्थिती में आज दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली के विभिन्न नागरिक संगठनों से आम आदमी पार्टी के शासन काल में प्रस्तुत एवं पारित दिल्ली नगर निगम के बजट 2025-26 में दिल्ली वालों पर कूड़ा निस्तारण को लेकर लागू किए गये "यूजर्स सरचार्ज" पर चर्चा की और तत्पश्चात वीरेन्द्र सचदेवा के निवेदन पर महापौर ने "यूजर्स सरचार्ज" की वसूली फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की. आर.डब्लू.ए. नागरिक संगठनों की ओर से आपत्तियां एवं सुझाव अल्प समय में श्री वीरेन्द्र सचदेवा एवं सरदार राजा इकबाल सिंह के समक्ष रखे.

बैठक में घोषित निर्णयों की सार्वजनिक घोषणा:

बैठक के तुरंत बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर द्वारा संचालित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आर.डब्लू.ए. बैठक में घोषित निर्णयों की सार्वजनिक घोषणा की. इस अवसर पर वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा की यूजर्स सरचार्ज आम आदमी पार्टी ने बिना चर्चा लगाया और यही इसके विरोध की सबसे बड़ी वजह है और इसी के साथ उन्होने कहा दिल्ली वालों खासकर निम्न आय वर्ग कॉलोनियों के नागरिक सम्पति कर बकाया भुगतान की समस्या से जूझ रहे है.

आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया: 

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा, कि जब दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी का बहुमत था, तब नगर निगम के सदन की बैठक का आयोजन किया गया और उसमें सदन का बजट पेश हुआ और पारित हुआ. उस समय पर आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद द्वारा एक विशेष मांग उस बैठक में रखी गई थी कि दिल्ली में 100 गज तक के सभी मकानों पर हाउस टैक्स माफ कर दिया जाए और 500 गज तक के सभी मकान पर हाउस टैक्स आधा कर दिया जाए, और उस मांग को बजट के अंदर सम्मिलित किया गया. उन्होंने कहा क्योंकि केंद्र में बैठी भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने नगर निगम में अपने मन मुताबिक व्यक्ति को नगर निगम के कमिश्नर के पद पर बैठाया हुआ है, जिसके चलते नगर निगम के कमिश्नर ने इस मांग को आज तक अमल में नहीं लाया था. बल्कि दिल्ली की जनता के ऊपर यूजर चार्ज के नाम पर एक ऐसा टैक्स थोप दिया, कि मान लीजिए यदि आपकी संपत्ति कर ढाई हजार रुपए है, तो यह यूजर चार्ज उस ढाई हजार रुपए से भी अधिक बन रहा था और यह यूजर चार्ज नगर निगम के कमिश्नर द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (कूड़ा उठाने) के नाम पर दिल्ली की जनता पर थोपा गया.

यूजर चार्ज पॉलिसी को भाजपा की सरकार ने दी थी अनुमति: 

सौरभ भारद्वाज ने पत्रकारों को बताया की आम आदमी पार्टी की नगर निगम में सरकार बनने से पहले जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार नगर निगम में थी, उस समय पर यह यूजर चार्ज की पॉलिसी को भाजपा की सरकार ने अनुमति दी थी, परंतु तब उसको अमल में नहीं लाया गया था. लेकिन जब आम आदमी पार्टी की नगर निगम में सरकार बनी तो भाजपा के चहिते एमसीडी कमिश्नर साहब ने भाजपा के द्वारा उनके कार्यकाल में बनाई गई यूजर चार्ज वाली पॉलिसी को जबरदस्ती लागू करके दिल्ली की जनता पर थोप दिया. उन्होंने बताया कि कल इस संबंध में आम आदमी पार्टी के नगर निगम में नेता विपक्ष अंकुश नारंग जी ने आम आदमी पार्टी के सभी निगम पार्षदों के साथ मौजूदा भाजपा के मेयर का घेराव किया और यह मांग रखी कि यूजर चार्ज के नाम पर दिल्ली की जनता से जो मनमानी वसूली की जा रही है, जल्द से जल्द इस यूजर चार्ज को हटाया जाए.