नई दिल्ली । दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में घर में कुछ लोगों के एक समूह द्वारा किए गए हमले में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी और उसकी पत्‍नी घायल हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस संबंध में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक किशोर को हिरासत में लिया है। मृतक की पहचान आली विहार निवासी अरविंद मंडल के रूप में की गई। परिजनों ने बताया कि अरविंद पर करीब 10-15 वार हुए हैं। गिरफ्तार लोगों की पहचान राजू पात्रा, रवि और शंभू के रूप में हुई है। किशोर की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है जबकि दो फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है। 
पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पता चला कि पीड़ित अरविंद का शुक्रवार शाम को मनोज हलदर नाम के एक व्यक्ति के साथ पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था जब वह अपने बेटे के साथ घर लौट रहा था। मामला सुलझ गया और अरविंद अपने बेटे के साथ घर चले गए। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे 5-6 लोग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर अरविंद के आवास पर पहुंचे और उन पर और उनकी पत्‍नी रेखा पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस उपायुक्त दक्षिणपूर्व राजेश देव ने कहा कि घटना के दौरान अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए क्योंकि हमलावरों ने उनकी छाती और हाथ में चाकू मारा था जबकि उनकी पत्‍नी के माथे पर रॉड से हमला किया। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान अरविंद की मौत हो गई। पीड़ित के मामा नेपाल चंद ने कहा कि अरविंद ने पड़ोसी के घर में शरण ली थी। हालांकि अपराधियों ने उसका पीछा किया और 10-15 चाकू मारे। जब उसकी पत्‍नी ने उसे बचाने का प्रयास किया तो उन्होंने उसके सिर पर भी रॉड से हमला किया था।