नई दिल्ली । पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में अपने पिता की शराब पीने की लत से तंग आकर उसकी गला काटकर कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना तब सामने आई जब आरोपी रिंकू यादव अपने पिता के शव को पश्चिम विहार स्थित श्मशान घाट लेकर आया। शव की गर्दन और बांह पर ब्लेड से कटे का निशान देखकर पुजारी को शक हुआ। उसने इस बारे में रिंकू से पूछा तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद उसने पुलिस को कॉल कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्मशान घाट पर, किसी ने मृतक की गर्दन और बांह पर कटने का निशान देखा। पुजारी को इस बारे में बताया गया। पुजारी ने जब यादव से पूछा तब उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने बताया कि इसके बाद पुजारी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि लगातार पूछताछ के बाद, रिंकू ने खुलासा किया कि उसने अपने पिता सतीश यादव की हत्या इस वजह से की क्योंकि वह शराब का आदी था। साथ ही वह अपनी इस आदत के कारण परिवार के लिए परेशानियां उत्पन्न कर रहा था। उसके पिता की वजह से घर में हमेशा कलह होती रहती थी। मरने वाले शख्स की पहचान सतीश यादव के रूप में हुई है। रिंकू अपने पिता के साथ मादीपुर में रहता था। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में  केस दर्ज कर लिया है। केस दर्ज करने के बाद आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी। इससे पहले पुलिस ने बताया कि आरोपी रिंकू ने अपने पिता की शराब पीने की आदतों से परेशान होकर गुरुवार की सुबह ब्लेड से अपने पिता का गला काट दिया। श्मशान घाट के पर्यवेक्षक संजीव चौहान ने बताया कि रिंकू यादव नाम का एक व्यक्ति अपने पिता का शव दाह संस्कार के लिए लाया था। दाह संस्कार के दौरान, पुजारी ने मृतक की गर्दन और बांह पर सर्जिकल चीरे देखे। उन्होंने इसके बारे में रिंकू से पूछा, लेकिन रिंकू कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। गड़बड़ी का संदेह होने पर, पुजारी ने पीसीआर कॉल कर दिया। सूचना मिलने पर पंजाबी बाग पुलिस स्टेशन की टीम शमशान घाट पश्चिम पुरी पहुंची।