मुंबई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ जानबूझकर राजनीतिक द्वेष की वजह से झूठी शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की गयी है। राहुल गांधी ने किसी समुदाय का अपमान नहीं किया है लेकिन बीजेपी ओछी राजनीति के जरिए राहुल गांधी को तंग करने की कोशिश कर रही है। लेकिन देश में कानून सभी के लिए बराबर है और कांग्रेस को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि मैं सीधे तौर पर गुजरात उच्च न्यायालय के फैसले पर टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन एक बात तय है कि राजनीतिक द्वेष के कारण राहुल जी की आवाज को दबाया जा रहा है।
गुजरात हाई कोर्ट द्वारा राहुल गांधी की याचिका खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे महाराष्ट्र में आक्रामक तरीके से सड़कों पर उतर आए और तानाशाही मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मुंबई से सटे ठाणे में प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए पटोले ने बीजेपी और मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ राजनीतिक द्वेष के तहत कार्रवाई की जा रही है। हर कोई जानता है कि इसके पीछे कौन है । उन्होंने कहा कि  राहुल गांधी की याचिका को गुजरात हाई कोर्ट ने खारिज कर दी है लेकिन कांग्रेस इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करेगी। ये लड़ाई बड़ी है और कांग्रेस देश में तानाशाही के खिलाफ मजबूती से लड़ेगी। राहुल गांधी ने भ्रष्टाचारी नीरव मोदी और ललित मोदी की आलोचना की थी। अगर हम भ्रष्ट लोगों की आलोचना करते हैं तो वह किसी जाति और समुदाय के ख़िलाफ़ कैसे हो सकती है? प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नीरव मोदी, ललित मोदी ने जनता के करोड़ों रुपये लूटे और विदेश भाग गए। बड़ा सवाल यह है कि आखिर ये लोग पीएम नरेंद्र मोदी कौन हैं। नरेंद्र मोदी इसके बारे में बात क्यों नहीं कर रहे हैं? उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं जा रही है? मोदी सरकार डरी हुई है और सत्ता खोने के डर से अब इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। भाजपा का यह कृत्य लोकतंत्र का गला घोंटने वाला और इसे कलंकित करने वाला है।
उधर महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष  एवं पूर्व मंत्री नसीम खान के नेतृत्व में मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस-वे पर विले पार्ले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के सामने रास्ता रोको आंदोलन कर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध जताया गया। इस मौके पर उत्तर मध्य जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगदीश अमीन, मुंबई महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अनीशा बागुल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। मीडिया से बात करते हुए नसीम खान ने कहा कि मोदी सरकार राहुल गांधी से डरती है और उनकी आवाज दबाने के लिए उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है। लेकिन राहुल गांधी इस तरह की तानाशाही से डरने वाले नहीं हैं। हम सब, देश के करोड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता अपने नेता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़े हैं। वहीं मुंबई के दहिसर इलाके में पूर्व मंत्री असलम शेख के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतर कर मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।