नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे कम होने के बाद अब राजधानी की व्यवस्थाओं को पटरी में लाने की कवायद तेज हो गई हैं। अब जानकारी आ रही है कि बाढ़ का पानी खाली होने के बाद वजीराबाद जल उपचार संयंत्र को शुरू कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वजीराबाद जल उपचार संयंत्र के शुरू होने की जानकारी देते हुए बताया कि वजीराबाद जल उपचार संयंत्र की क्षमता 134 एमजीडी है। इस संयंत्र से 54 एमजीडी का उत्पादन शुरू कर दिया है। इसी प्लांट में उपकरणों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। उम्मीद है कि यह जल्द ही पूरी क्षमता से काम करना शुरू कर देगा।

इसके साथ ही केजरीवाल ने बताया कि इस संयंत्र को सही करने के लिए इंजीनियर 24 घंटे काम कर रहे हैं।

इससे पहले रविवार को जल बोर्ड का चंद्रावल जल शोधन संयंत्र रविवार सुबह से शुरू किया गया था। बताया जा रहा है कि अगले पांच घंटे में इस संयंत्र के कमांड क्षेत्र नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के इलाकों में पानी आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। चंद्रावल जल शोधन संयंत्र के सही होने की जानकारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर जानकारी दी थी।