एक लाख कांग्रेसियों को पार्टी की सदस्यता दिलाने का दावा 


 भोपाल । भाजपा आज अपना 45वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर प्रदेश एवं जिला कार्यालयों पर विशेष सजावट की गई है। प्रदेश के सभी बूथों पर भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय, डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। इस खास मौके पर पार्टी संगठन द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्र में एक लाख कांग्रेसियों को भाजपा की मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी डा. महेंद्र सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी, सांसद, विधायक व जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता प्रदेश के 64,523 बूथों पर पार्टी का ध्वज फहराकर भाजपा की रीति नीति का प्रसार करेंगे। मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों का मनोबल तोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत अब तक 20 हजार से अधिक नेताओं-कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलवाई जा चुकी है। इसमें करीब 18 हजार कांग्रेस के ही हैं। अब भाजपा की ओर से पूरे प्रदेश में उसके स्थापना दिवस (छह अप्रैल) पर एक लाख कांग्रेसियों को पार्टी की सदस्यता दिलाने का दावा किया गया है। यह कार्यक्रम प्रत्येक मतदान केंद्र स्तर पर होगा। छिंदवाड़ा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव उपस्थित रहेंगे तो भोपाल स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में न्यू ज्वाइनिंग टोली के संयोजक डा. नरोत्तम मिश्रा सहित वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। नरोत्तम मिश्रा का दावा है कि एक दिन में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सदस्यता का यह कीर्तिमान होगा। भाजपा द्वारा स्थापना दिवस मनाने के लिए बूथ स्तर पर बीते कई दिनों से भव्य तैयारी की जा रही है।प्रदेश से लेकर बूथ स्तर पर कांग्रेस सहित अन्य दलों के नेताओं को बड़ी संख्या में भाजपा की सदस्यता दिलाई जाएगी। अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं से संपर्क और संवाद किया गया है। उन्हें पार्टी की सदस्यता लेने के लिए तैयार किया गया है। इस अवसर पर बूथों पर भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय, डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण किया जाएगा और पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर 370 वोट बढ़ाने और बूथ विजय पर चर्चा करेंगे। डा. नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि भाजपा में सदस्यता अभियान के कीर्तिमान को वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराने की तैयारी है। पार्टी का दावा है कि विश्व में इतनी बड़ी संख्या में अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं का एक साथ भाजपा की सदस्यता लेना किसी कीर्तिमान से कम नहीं होगा। बता दें, प्रदेश भाजपा इसके पहले भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात के 100 एपिसोड पर लगातार 100 घंटे अलग-अलग वक्ताओं के माध्यम से चर्चा करवा कर रिकार्ड बना चुकी है। न्यू ज्वाइनिंग टोली कांग्रेस सहित अन्य दलों के नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाने के लिए बनाया गया एक विशेष प्रकोष्ठ है। यह अन्य दलों के नेताओं से संवाद कर उनकी भाजपा में सदस्यता आदि के लिए समन्वय करता है।