टैलेंट सर्च में एथलेटिक्स का दमदार आगाज़: 400 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाई रफ्तार और हुनर
भोपाल : मध्यप्रदेश के उभरते एथलीटों के लिए टैलेंट सर्च 2026-27 का पहला दिन उत्साह, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा टी.टी. नगर स्टेडियम में आयोजित एथलेटिक्स चयन ट्रायल्स के पहले दिन लगभग 400 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे दिन स्टेडियम में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना, जहां प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया।
दौड़ से लेकर पोल वॉल्ट तक प्रतिभाओं ने दिखाई क्षमता
पहले दिन आयोजित चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों ने दौड़, लॉन्ग जंप, हाई जंप, पोल वॉल्ट, शॉटपुट सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भाग लिया। प्रत्येक स्पर्धा में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन निर्धारित तकनीकी मानकों के आधार पर विशेषज्ञों द्वारा किया गया, ताकि उत्कृष्ट प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें विभाग की खेल अकादमियों एवं उच्च स्तरीय प्रशिक्षण से जोड़ा जा सके।
खेल प्रतिभाओं को मिल रहा सुनहरा मंच
टैलेंट सर्च 2026-27 केवल चयन प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। टैलेंट सर्च का उद्देश्य ऐसी खेल प्रतिभाओं की पहचान करना है, जिन्हें आधुनिक खेल सुविधाएं, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन प्रदान कर उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में विकसित किया जा सके।
लगातार बढ़ रहा खिलाड़ियों का उत्साह
टैलेंट सर्च अभियान के अंतर्गत अब तक जूडो, कुश्ती, बॉक्सिंग, फेंसिंग, शूटिंग, बैडमिंटन, टेनिस, कयाकिंग-कैनोइंग, स्लालॉम तथा घुड़सवारी सहित विभिन्न खेलों के चयन ट्रायल्स सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। प्रत्येक खेल में खिलाड़ियों की उल्लेखनीय सहभागिता यह दर्शाती है कि मध्यप्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह निरंतर बढ़ रहा है। एथलेटिक्स ट्रायल्स के पहले दिन भी खिलाड़ियों की बड़ी उपस्थिति ने अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की।
अभी दो दिन और मिलेगा अवसर
एथलेटिक्स चयन ट्रायल्स 21 एवं 22 जुलाई 2026 को भी टी.टी. नगर स्टेडियम, भोपाल में आयोजित किए जाएंगे। टैलेंट सर्च 2026-27 के माध्यम से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, संवारने और उन्हें उत्कृष्ट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का अभियान लगातार गति पकड़ रहा है, जिससे मध्यप्रदेश की खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पाकिस्तान में पानी का संकट गंभीर, अंतरराष्ट्रीय सहायता की मांग तेज
'उम्र नहीं, प्रदर्शन मायने रखता है', रोहित को लेकर अश्विन ने आलोचकों को दिया जवाब
कबाड़ का अंबार, लटकते तार और बड़ा खतरा... लखनऊ के सरकारी भवनों की डराने वाली तस्वीरें
जबलपुर मंडल में बड़ा रेल बदलाव, गुरमखेड़ी स्टेशन पर 24 से 30 जुलाई तक 8 ट्रेनें नहीं रुकेंगी